
00 जिले में विकास के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार पर पत्रकारों के सवालों पर मंत्री ने दिखाई सख्ती
खैरागढ़ :– केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय खैरागढ़ में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक नवागढ़ व खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 साल देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किए जाएंगे।
आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की नींव
मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि यह कार्यकाल आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की नींव साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं। आयुष्मान भारत योजना से अब गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। पहले योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचता था, अब सरकारी सहायता सीधे खातों में पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल चुके हैं।
राशन वितरण में आ रही समस्याओं का समाधान
मंत्री ने राशन दुकानों में 3 माह का राशन एक साथ लेने जा रहे हितग्राहियों को हो रही फिंगरप्रिंट व ओटीपी की समस्या पर कहा कि 3 माह का राशन देने का फैसला गरीबों के हित में है। उन्हें बार-बार राशन दुकान न आना पड़े, इसी कारण शासन ने यह फैसला लिया है। थोड़ा विलंब हो रहा है, एक बार में फिंगरप्रिंट नहीं आने की शिकायत मिल रही है, उसे दूर करने का प्रयास करेंगे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यों की बदौलत अब शासन सेवा का माध्यम बन गया है। आज की राजनीति प्रदर्शन की संस्कृति पर आधारित हो गई है। विदेश नीति में भारत की सांस्कृतिक पहचान दिख रही है। रक्षा निर्यात 30 गुना बढ़ा है और भ्रष्टाचार पर लगातार प्रहार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी को केंद्र में रखा गया है। सरकारी योजनाओं की निगरानी हो रही है, पारदर्शिता के लिए ई-नीलामी को बढ़ावा दिया गया है। योग और आयुर्वेद को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाई गई है। वार्ता का संचालन भाजपा नेता विनय देवांगन और घम्मन साहू ने किया।
नवभारत के सवाल पर मंत्री ने कहा समस्या गंभीर है दिखवाता हूं
वार्ता में नवभारत प्रतिनिधि द्वारा जिले में आदिवासियों के हित उत्थान के लिए चल रहे पीएम जनमन योजना और वर्तमान में चल रही धरती आबा योजना को लेकर सवाल करते हुए बताया गया कि जिले में आजादी के 78 साल बाद अभी भी आदिवासी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। जिले के वनांचल में स्थित छुईखदान ब्लॉक के ग्राम ड़ूटागढ़ और खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम कटेमा सहित कई गांव में विद्युत व्यवस्था और सड़क की सुविधा तक नहीं पहुंच पायी है। इसे लेकर मंत्री श्री बघेल गंभीर हो गये और कहा कि समस्या गंभीर है मैं दिखवाता हूँ। भाजपा सरकार आदिवासियों के विकास और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ.बिसेसर साहू, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, टीके चंदेल, विकेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह, ललित चोपड़ा, भाजपा नेता व पार्षद चंद्रशेखर यादव, कमलेश कोठले, नरेश कुर्रे, राजू सिंह, मोना सिंह, आलोक श्रीवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
यतेन्द्र जीत सिंह “छोटू”, पी न्यूज़ ब्यूरो चीफ, खैरागढ़ -छुईखदान-गंडई जिला।।09425566035,06264569376..