
सक्ती :– सक्ती महिला पतंजलि संगठन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वासु रिसोर्ट में हवन-यज्ञ के साथ शुरू हुआ,जिसमें महिलाओं ने धार्मिक अनुष्ठान कर समाज में शुद्धता और सकारात्मकता का संदेश दिया।
इस उत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा कीं। हंसी-ठिठोली और गीत-संगीत के बीच कार्यक्रम ने एक पारिवारिक और आनंदमय माहौल बना दिया। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों पर नृत्य भी किया,जिससे पूरे आयोजन में उमंग और उल्लास छा गया।
इस आयोजन में महिला पतंजलि संगठन की जिला प्रभारी कलावती लोधी,महामंत्री संतोषी सैन, कोषाध्यक्ष ममता त्रिपाठी,मीडिया प्रभारी दीपिका चौहान सहित अन्य सदस्य भारती सिंह,भगवती पटेल, लक्ष्मी सिंह,बिन्नी देवांगन,सुशीला राठौर,उषा चंद्रा और अनिता चौहान ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एकजुट करना और भारतीय संस्कृति व परंपराओं को सहेजना था। महिला सदस्यों ने एकता, प्रेम और समाज में महिलाओं की भागीदारी पर बल देते हुए,इस आयोजन को यादगार बनाया। पतंजलि महिला संगठन के इस उत्सव ने भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत किया।