
कोरबा :– अखिल भारतीय हिंदू महासभा के पदाधिकारी एवं सदस्य इन दिनों गौ सेवा को लेकर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। संस्था के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लावारिस, बीमार या भूखी-प्यासी गौ माताओं की सेवा में जुटे हैं। कहीं पानी की आवश्यकता हो या भोजन की, तत्काल व्यवस्था कर मदद पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में एक बीमार व लावारिस अवस्था में मिली गौ माता की सेवा संस्था द्वारा की गई। पदाधिकारियों ने उन्हें अपने हाथों से भोजन कराया और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था भी की। काफी प्रयासों के बावजूद दुर्भाग्यवश गौ माता का निधन हो गया। इस घटना की जानकारी जब नगर निगम को दी गई, तो अखिल भारतीय हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने निगम के सहयोग से धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ गौ माता का अंतिम संस्कार कराया।
इसी बीच एक अन्य बीमार गौ माता की जानकारी मिलने पर संस्था द्वारा उसे उपचार उपलब्ध कराया गया, जिससे अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। संस्था का यह सेवाभावी कार्य समाज में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देता है। गौ माता के संरक्षण एवं सेवा में समर्पित यह प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय है, जो समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहा है।