
कोरबा :– बालको कर्मचारी संघ, जो भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है, ने नगर के नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए एक भव्य बाइक रैली निकाली। इस रैली में लगभग 100 बाइक सवार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और नगर के सभी वार्डों में भ्रमण कर लोगों को मतदान का महत्व समझाया।
संघ के महामंत्री वरुण पाण्डेय, अध्यक्ष ओ. पी. राजपुरोहित, वरिष्ठ कार्यकर्ता बी. के. तिवारी और सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में सैकड़ों की संख्या में बालको कर्मचारी संघ और भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने नागरिकों से राष्ट्रहित में अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदान के महत्व पर नारे लगाए और नागरिकों से अनुरोध किया कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। संघ का मानना है कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
इस अभियान के माध्यम से बालको के नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, जिससे आगामी चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।